रिपोर्ट______अरुण यादव

आजमगढ़। आजमगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय ठगी गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी पर ₹25,000 का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार यह गिरोह धर्म-कर्म, पूजा-पाठ और ग्रहदोष दूर करने का झांसा देकर विशेष रूप से अधेड़ और बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाता था तथा उनके सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ठगकर फरार हो जाता था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने सोमवार को रोडवेज प्राइवेट बस अड्डे के पास से उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर निवासी हुसैनू पुत्र नजरूद्दीन (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर सुबह करीब 10:40 बजे की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹400 नकद, आभूषण साफ करने वाले केमिकल से भरी एक प्लास्टिक की शीशी तथा 10 विभिन्न रंगों के नग (पत्थर) बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल लोगों को झांसे में लेने के लिए किया जाता था।

पहले गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद मिली सफलता

पुलिस के मुताबिक, 7 फरवरी 2026 को कोतवाली क्षेत्र के शंकर तिराहा स्थित ग्रैंड एसआर होटल के पास एक महिला से ग्रहदोष दूर करने के बहाने सोने की चेन, अंगूठी और नकदी ठग ली गई थी। इस मामले में पहले गिरोह के सदस्य लईक उर्फ लकी को गिरफ्तार किया जा चुका था। उसी से मिली जानकारी के आधार पर फरार चल रहे इनामी आरोपी हुसैनू तक पुलिस पहुंची।

दो वारदातों का हुआ खुलासा

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी सैफ अली खान, इमरान और लईक उर्फ लकी के साथ मिलकर कई राज्यों में ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह 6 और 7 फरवरी 2026 को आजमगढ़ आया था, जहां बेलइसा सब्जी मंडी क्षेत्र और लाइफ लाइन हॉस्पिटल के पास दो महिलाओं को ग्रहदोष और अशुभ प्रभाव का भय दिखाकर उनके आभूषण और नकदी ठग ली थी। आरोपी ने बताया कि ठगी के बाद आभूषण बेचकर मिली रकम सभी सदस्यों में बांट ली गई थी। उसके हिस्से में करीब ₹35 हजार आए थे, जिनमें से अधिकांश खर्च हो चुके हैं। तलाशी में मिले ₹400 उसी रकम के शेष पैसे हैं।

कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ के अलावा सोनभद्र में भी धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि अंतर्राज्यीय ठगी गिरोह के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।