रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने शुक्रवार को जनपद में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत जीयनपुर क्षेत्र में स्कूलों में बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान यातायात एवं परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब सात वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितता मिलने पर दो वाहनों को थाने लाकर सीज कर दिया गया।

अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। जिन वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई से क्षेत्र के वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। कई वाहन चालक अपने दस्तावेज दुरुस्त कराने में जुट गए।

एआरटीओ अतुल यादव ने बताया कि जनपदभर में स्कूली वाहनों की जांच का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने वाहन स्वामियों से सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने और वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही स्कूल प्रबंधन से भी कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल उन्हीं वाहनों का संचालन कराया जाए जो शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हों।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।