
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। महुला-गढ़वल बांध से खरैलिया जाने वाले मार्ग पर स्थित एक सरकारी विद्यालय के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने महिला को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान चंद्रावती सिंह (65 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय नागेंद्र सिंह, निवासी मसूरियापुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे चंद्रावती सिंह खरैलिया से अपने गांव मसूरियापुर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी कर उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
