रिपोर्ट_______अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र के एकमा गांव में मुख्य मार्ग से घर तक बने आरसीसी रास्ते पर चबूतरा बनाए जाने को लेकर विवाद गहरा गया। रास्ता खाली कराने पहुंची पुलिस के सामने दोनों पक्षों में हंगामा हो गया। चबूतरा हटाने की कार्रवाई के दौरान पत्थरबाजी किए जाने का आरोप है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी श्रीओम यादव का आरोप है कि उनके घर तक आने-जाने के लिए वर्ष 2012 में आरसीसी मार्ग का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि पड़ोस के लोगों ने रास्ते पर पक्का चबूतरा बनाकर आवागमन बाधित कर दिया। रास्ता बंद होने से परेशान पीड़ित ने अधिकारियों से शिकायत कर रास्ता खाली कराने की मांग की।

शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रास्ते से चबूतरा हटाने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान वहां हंगामा हो गया और पुलिस के सामने कथित तौर पर पत्थरबाजी शुरू हो गई। आरोप है कि दबंगों ने तहबरपुर थाना प्रभारी की ओर भी पत्थर फेंके। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के संज्ञान में आया है, जिसे जांच में शामिल किया गया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पीड़ित श्रीओम यादव ने जिलाधिकारी से रास्ते को पूरी तरह खाली कराकर आवागमन बहाल कराने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।