
रिपोर्ट____आशीष निषाद
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को आजमगढ़ के निरीक्षण भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा और वर्ष 2028 तक पार्टी के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो जाएगा। राजभर ने कहा कि आगामी चुनाव में एनडीए गठबंधन प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा।
अबू आजमी को दी चुनौती
सपा नेता अबू आजमी के बयानों पर पलटवार करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी में चाटुकारिता का बोलबाला है। उन्होंने अबू आजमी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो वह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुसलमान को मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान करवाकर दिखाएं। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि इस तरह का सवाल उठाने पर ही उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।
पीडीए फॉर्मूले पर भी साधा निशाना
राजभर ने समाजवादी पार्टी के पीडीए फॉर्मूले को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा चार बार प्रदेश की सत्ता में रही, लेकिन पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हितों तथा शिक्षा के क्षेत्र में कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक नारों से समाज के पिछड़े और वंचित वर्गों का विकास नहीं किया जा सकता।
विपक्षी एकजुटता और प्रयागराज में हुए कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए राजभर ने सपा-कांग्रेस के बीच कथित खींचतान पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने राहुल गांधी का समर्थन नहीं किया, जिससे विपक्षी गठबंधन की स्थिति स्पष्ट होती है।
हर गांव में डिजिटल लाइब्रेरी बनाने का दावा
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार विशेष ध्यान दे रही है। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की स्थापना से पूर्वांचल के युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के करीब 22 हजार गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी और कंप्यूटर ऑपरेटरों की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में विवाह घर और उत्सव भवन उपलब्ध कराने तथा बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
आजमगढ़ की पुरानी जेल को लेकर भी बोले राजभर
ओमप्रकाश राजभर ने आजमगढ़ की पुरानी जेल को शिफ्ट किए जाने की योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जेल को स्थानांतरित करने के बाद वहां की जमीन का उपयोग जनहित से जुड़े कार्यों के लिए किए जाने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
पंचायत चुनाव में देरी पर दी सफाई
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में हो रही देरी को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने कहा कि मामला समाजवादी पार्टी द्वारा न्यायालय में ले जाए जाने के कारण लंबित हुआ था। उन्होंने बताया कि न्यायालय के निर्देश के अनुसार पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया जा चुका है। अब पंचायत चुनाव से जुड़ी आगे की प्रक्रिया न्यायालय के आदेशों के अनुरूप पूरी की जाएगी।
‘NDA प्रचंड बहुमत से बनाएगा सरकार’
प्रेस वार्ता के अंत में ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन प्रचंड बहुमत हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि जनता विकास और सुशासन के मुद्दे पर एनडीए के साथ है, जबकि समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों का राजनीतिक आधार लगातार कमजोर हो रहा है।
