
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के पवईलाडपुर में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम के मामले में फरार चल रहे संचालक डॉ. अंगद पाल के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने रानी की सराय थाना क्षेत्र के भगहा गांव स्थित आरोपी के घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा की है। पुलिस की इस कार्रवाई से आरोपी पर कानूनी शिकंजा और कस गया है।
जानकारी के मुताबिक, पवईलाडपुर में संचालित नर्सिंग होम की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की थी। जांच के दौरान वहां कोई वैध चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई में नर्सिंग होम को सील कर दिया गया था। मामले में संचालक समेत अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्टाफ नर्स रेनू विश्वकर्मा और रोशनी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, नर्सिंग होम संचालक डॉ. अंगद पाल लगातार फरार चल रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार दबिश दी जा रही है।
आरोपी के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर कोर्ट से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय के आदेश के क्रम में पुलिस ने उसके घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा कर दी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में हाजिर नहीं होता है तो उसके खिलाफ आगे संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में फरार आरोपी की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
