
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने पुत्र प्राप्ति का झांसा देकर महिलाओं को ठगने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी से संबंधित ₹3 हजार नकद, एक जोड़ी सफेद धातु की पायल और एक पर्स बरामद किया है। मामले में चंदौली पुलिस के सहयोग से ठगी के जेवर खरीदने वाले एक सोनार को भी गिरफ्तार किया गया है।
सोनोग्राफी कराने के बाद महिला को बनाया था निशाना
मामला 19 अगस्त 2026 का है। रानी की सराय थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला बिलरिया की चुंगी स्थित सोगरा सोनोग्राफी सेंटर से सोनोग्राफी कराने के बाद करीब शाम 4:45 बजे चाय पीने के लिए बिलरिया की चुंगी तिराहे की ओर जा रही थी। इसी दौरान चौराहे से पहले दो अज्ञात व्यक्ति उसे मिले और बातचीत करने लगे।
आरोप है कि दोनों ने महिला को पूजा-पाठ और पुत्र प्राप्ति की बातें बताकर अपने विश्वास में ले लिया। इसके बाद बहला-फुसलाकर उसके कानों के सोने के झाले, गले का लॉकेट और पर्स में रखे ₹5 हजार निकलवा लिए और मौके से फरार हो गए। महिला की शिकायत पर कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 430/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था।
मुखबिर और सर्विलांस की मदद से तीन गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए टीम गठित की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 28 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने रोडवेज बंधा के पास से तीन आरोपियों को शाम 4:33 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असलम खां (50), अरशद वारसी (27) और इरफान अली (39) के रूप में हुई है। तीनों मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पूछताछ में सामने आया जेवर बेचने का मामला
पुलिस पूछताछ में आरोपी असलम खां ने कथित तौर पर बताया कि 19 अगस्त को बिलरिया की चुंगी पर महिला को पुत्र प्राप्ति का झांसा देकर ठगी की गई थी। महिला के सोने के झाले और गले के मंगलसूत्र को चंदौली के दुल्हीपुर स्थित हर्ष ज्वैलर्स पर ₹58 हजार में बेचने की बात सामने आई। आरोपी के अनुसार जेवर को दुकान पर ही गला दिया गया था।
आरोपियों ने महिला के पर्स से रुपये निकालने के बाद पर्स में रखी चांदी की पायल को पर्स समेत झाड़ियों में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ₹3 हजार नकद, एक जोड़ी पायल और पर्स बरामद किया है।
चंदौली में सोनार भी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान आजमगढ़ पुलिस ने चंदौली पुलिस से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद ठगी के जेवर खरीदने के आरोप में सुरेश सेठ (50) पुत्र राधेश्याम सेठ, निवासी मड़या नई बस्ती पड़ाव, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
मध्य प्रदेश से आकर करते थे ठगी
पुलिस की कार्रवाई से सामने आया है कि गिरोह के सदस्य मध्य प्रदेश के रतलाम से आकर आजमगढ़ में महिलाओं को पूजा-पाठ और पुत्र प्राप्ति का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इससे जुड़ी पूर्व की घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
