रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के सरगना और ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त प्रमोद कुमार को आजमगढ़ कोतवाली पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने लखनऊ के परिवर्तन चौक से गिरफ्तार किया है। प्रमोद कुमार के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, प्रमोद कुमार पुत्र जयकरन उर्फ सहदेव, निवासी पुसड़ा आईमा थाना मुबारकपुर, मोटरसाइकिल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का गैंग लीडर है। गिरोह आजमगढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी की बाइकों को सठियांव बाजार स्थित एक गैरेज में ले जाकर उनके पार्ट्स अलग किए जाते थे। इसके बाद कुछ पार्ट्स कबाड़ी को बेच दिए जाते थे, जबकि अच्छे पार्ट्स को दूसरी मोटरसाइकिलों में लगाकर खपा दिया जाता था।

छह सदस्य पहले हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, 10 दिसंबर 2024 को कोतवाली पुलिस ने बवाली मोड़ के पास वाहन चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन मोटरसाइकिल और दो आरोपियों के पास से .315 बोर के तमंचे व कारतूस बरामद किए थे।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर सठियांव बाजार स्थित अवधेश ऑटो गैरेज से चार चोरी की मोटरसाइकिलें और विभिन्न पार्ट्स बरामद किए गए थे। इसके अलावा कबाड़ी की दुकान से दो चेचिस, दो इंजन, एक टंकी, चार आगे और चार पीछे के शॉकर, दो चैन-स्प्रॉकेट, चार फुट स्टैंड समेत अन्य सामान बरामद किया गया था। जांच में बरामद वाहनों से संबंधित मुकदमे आजमगढ़ के कोतवाली, मुबारकपुर और दिल्ली के मुखर्जी नगर नॉर्थ वेस्ट थाने में दर्ज मिले थे।

गैंगस्टर एक्ट में दर्ज था मुकदमा

पुलिस के अनुसार, गिरोह द्वारा आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए संगठित तरीके से आपराधिक गतिविधियां किए जाने के आधार पर गैंगचार्ट तैयार किया गया। जिलाधिकारी आजमगढ़ की मंजूरी के बाद थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 102/26, धारा 2(B)(1)/3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

इस मामले में वांछित प्रमोद कुमार की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ की ओर से ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

परिवर्तन चौक से दबोचा

पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने 28 अगस्त 2026 को शाम करीब 5:30 बजे लखनऊ के परिवर्तन चौक चौराहे के पास से प्रमोद कुमार को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ आजमगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने/बेचने, कूटरचना और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र करीब 36 वर्ष बताई गई है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

कोतवाली आजमगढ़ पुलिस: प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अभिषेक मिश्रा और हेड कांस्टेबल अभय कुमार सिंह।

एसटीएफ मुख्यालय: उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाल सिंह, मुख्य आरक्षी नीरज पाण्डेय और मुख्य आरक्षी नितिन सिंह।