
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बखरिया के चकिया गांव में नाली के पानी को लेकर हुए विवाद में 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पिता ने ग्राम प्रधान के पति (प्रधानपति) समेत तीन लोगों पर बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान हरिओम पांडेय (30) के रूप में हुई है। मृतक के पिता वीरेंद्र पांडेय के अनुसार, उनके पड़ोसी रामलाल शर्मा ने पशुओं को रखने के लिए बरदौर बना रखा है। आरोप है कि बरदौर से निकलने वाला गंदा पानी उनकी जमीन की ओर बहाया जा रहा था। इसी बात को लेकर करीब तीन दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।
बताया गया कि उस समय ग्राम प्रधान यदुवंश त्रिपाठी ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। शुक्रवार को इसी विवाद को लेकर हरिओम पांडेय और पड़ोसी रामलाल शर्मा के बीच दोबारा कहासुनी हो गई। विवाद की जानकारी मिलने पर प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए।
मृतक के पिता वीरेंद्र पांडेय का आरोप है कि उनके सामने ही प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी ने रामलाल शर्मा और उसकी बहू चंदा के साथ मिलकर हरिओम को पकड़ लिया और उसका गला दबा दिया। इस दौरान हरिओम बेहोश होकर गिर पड़ा।
परिजन आनन-फानन में हरिओम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पवई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
तीन लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी
पवई थाना प्रभारी मनीष पाल ने बताया कि मृतक के पिता वीरेंद्र पांडेय की तहरीर के आधार पर प्रधानपति यदुवंश त्रिपाठी, पड़ोसी रामलाल शर्मा और उसकी बहू चंदा के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
