
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मंगलवार को आजमगढ़ पहुंचे। सदर तहसील क्षेत्र के जमालपुर में आयोजित राजभर समाज और मूल निवासी समाज पार्टी की बैठक में उन्होंने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और गठबंधन की रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
मीडिया से बातचीत में राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में संगठन सृजन अभियान चला रही है। पार्टी के नेता और पदाधिकारी लगातार उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों का दौरा कर जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 134 जिलों और शहरों में जिलाध्यक्षों के चयन के लिए AICC ऑब्जर्वर और स्टेट ऑब्जर्वरों ने करीब एक महीने तक जमीनी स्तर पर काम किया है। अब संगठन सृजन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसी महीने उत्तर प्रदेश कांग्रेस का संगठन ऊपर से लेकर नीचे तक घोषित कर दिया जाएगा।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकारों ने जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है और निजी स्कूलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उच्च शिक्षा और व्यावसायिक शिक्षा महंगी होने के कारण गरीब, मजदूर, किसान, दलित, वंचित और सामान्य वर्ग के लोगों के लिए शिक्षा हासिल करना मुश्किल होता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने आस्था का इस्तेमाल सत्ता हासिल करने के लिए किया, लेकिन धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे और व्यवस्थाओं में अनियमितताओं के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में अपराध बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि दलितों और महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
दलित और मूल निवासी समाज को लेकर कही बड़ी बात
राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में एक खास वर्ग का वर्चस्व बढ़ रहा है, जबकि दूसरे वर्गों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मूल निवासी और दलित-वंचित समाज के लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों का जिक्र करते हुए कहा कि इन वर्गों को शिक्षा, छात्रवृत्ति, सरकारी नौकरियों और विभिन्न अधिकारों का लाभ दिलाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। उन्होंने खेत और आवासीय जमीन के पट्टे, एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून, बैंकों का राष्ट्रीयकरण, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में आरक्षण, सूचना का अधिकार, खाद्य सुरक्षा का अधिकार और शिक्षा के अधिकार जैसे कदमों का उल्लेख किया।
अगले महीने सीट बंटवारे पर होगी चर्चा
गठबंधन के सवाल पर कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि फिलहाल पार्टी का पूरा फोकस संगठन सृजन पर है। यह प्रक्रिया इसी महीने के अंत तक पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद अगले महीने गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा होगी और गठबंधन को अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में जिन सीटों पर सहयोगी दल चुनाव लड़ेंगे, वहां भी कांग्रेस उनके प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी। यानी पार्टी की तैयारी केवल कांग्रेस के हिस्से में आने वाली सीटों तक सीमित नहीं है।
INDIA गठबंधन पर भी दिया संदेश
INDIA गठबंधन को लेकर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस बड़ा और प्रमुख दल होने के नाते अपने सहयोगियों को साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी समझती है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में घमंड की कोई जगह नहीं होनी चाहिए और सभी सहयोगी दलों को साथ लेकर आगे बढ़ना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टियों में से एक है, जिसने आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान दिया। आजमगढ़ दौरे के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तैयारी के साथ जुटने का आह्वान किया।
