रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के अहरौला थाना अंतर्गत फुलवरिया स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 204 प्वाइंट पर खड़े ट्रक से तिरपाल काटकर करीब 100 पेटी रिन साबुन चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। चोरी हुए साबुन की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। ट्रक मालिक ने गुरुवार दोपहर अहरौला थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।

ट्रक मालिक विजय भान यादव निवासी रैतुवापार, थाना अतरौलिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका ट्रक हरिद्वार से रिन साबुन लादकर पटना जा रहा था। 15 सितंबर की रात ट्रक चालक मनोज को नींद आने पर उसने फुलवरिया के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक खड़ा कर दिया।

बताया गया कि चालक के ट्रक खड़ा करने के दौरान अज्ञात चोरों ने ट्रक का तिरपाल काट दिया और उसमें लदी रिन साबुन की करीब 100 पेटियां चोरी कर फरार हो गए। सुबह जानकारी होने पर चालक ने इसकी सूचना ट्रक मालिक को दी। इसके बाद गुरुवार को ट्रक मालिक ने अहरौला थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।

चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस एक्सप्रेसवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों की मदद से चोरों का पता लगाने का प्रयास कर सकती है।

सीओ बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।