
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में खुद को पुलिस का CO/डिप्टी एसपी बताकर शराब का ठेका दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शराब का ठेका दिलाने के लिए 3.20 लाख रुपये की मांग की थी और पीड़ित से 90 हजार रुपये नकद ले लिए थे। पुलिस के अनुसार आरोपी महज पांचवीं पास है और पुलिस अधिकारी की वर्दी पहनकर लोगों को वीडियो कॉल करता था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गम्भीरपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 18 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना और आरोपी की लोकेशन के आधार पर रानीपुर रजमों मोड़ के पास से संजय पुत्र स्वर्गीय श्रीराम, निवासी मगरावा, थाना गम्भीरपुर, आजमगढ़ को गिरफ्तार किया। उसकी उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है।
वीडियो कॉल पर खुद को बताता था CO
पुलिस के मुताबिक आरोपी संजय ने 1 सितंबर 2026 को पुलिस की वर्दी पहनकर मोबाइल फोन से वीडियो कॉल की थी। इस दौरान उसने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए पीड़ित को विश्वास में लिया। आरोपी ने शराब का ठेका दिलाने का भरोसा देकर 3.20 लाख रुपये की मांग की और 30 अगस्त को 90 हजार रुपये नकद ले लिए।
बाद में जब पीड़ित ने आरोपी के बारे में जानकारी की तो उसके पुलिस अधिकारी नहीं होने का खुलासा हुआ। इसके बाद 17 सितंबर को गम्भीरपुर थाने में शिकायत दी गई, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।
वर्दी और फर्जी आईडी से बनाता था रौब
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस अधिकारी, खासकर CO/डिप्टी एसपी की वर्दी पहनकर लोगों से वीडियो कॉल करता था। वह खुद को पुलिस विभाग का अधिकारी बताकर अपने पद और प्रभाव का हवाला देता था। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब का ठेका, नौकरी आदि दिलाने का झांसा देकर लोगों से रुपये मांगता था।
लोगों का विश्वास जीतने के लिए वह पुलिस की वर्दी और कूटरचित पुलिस अधिकारी पहचान पत्रों का इस्तेमाल करता था।
दो फर्जी पुलिस आईडी और वर्दी बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने दो कूटरचित पुलिस अधिकारी पहचान पत्र, शराब ठेका का एक कूटरचित आवंटन पत्र, पुलिस वर्दी का एक सेट और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
आरोपी के खिलाफ गम्भीरपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 226/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार आरोपी का वर्ष 2017 में भी धारा 420 भादवि के तहत गम्भीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज हो चुका है।
इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी करने वाली गम्भीरपुर पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल शनि कुमार और कांस्टेबल दुर्गेश कुमार शामिल रहे। वहीं साइबर सेल की टीम में प्रभारी साइबर सेल उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम, मुख्य आरक्षी ओमप्रकाश जायसवाल, कांस्टेबल श्याम कुमार और कांस्टेबल अमित सरोज शामिल रहे।
