रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। पवई थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर आजमगढ़ के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चार चोरी की घटनाओं का खुलासा किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5.50 लाख रुपये कीमत के 14 सोने और 22 चांदी के आभूषण, 14 हजार रुपये नकद, तमंचा-कारतूस, एक टेंपो और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

पवई में चोरी के बाद गठित की गई थीं तीन पुलिस टीमें

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को पवई थाना क्षेत्र के ग्राम नाटी निवासी उमाशंकर अपनी पत्नी के साथ एक अंत्येष्टि में शामिल होने गए थे, जबकि उनके बच्चे स्कूल गए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बक्से का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, करीब 10 हजार रुपये नकद और जमीन से संबंधित महत्वपूर्ण कागजात चोरी कर लिए थे।

मामले में पवई थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।

अम्बारी रोड पर घेराबंदी कर चारों गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे मुखबिर की सूचना पर पवई पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने अम्बारी रोड पर बाघबहरा पुलिया से करीब 100 मीटर आगे घेराबंदी की। इस दौरान हरे रंग के टेंपो और दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. अब्दुल्ला निवासी सठियांव, अम्बेश कुमार निवासी कुकुड़ीपुर सठियांव, आकाश कुमार निवासी गजाड़ा सठियांव और विकास सोनी निवासी सरायमीर के रूप में हुई है।

बंद घरों की रेकी कर देते थे वारदात

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि वे ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जिनके मालिक या परिवार के लोग बाहर गए हों अथवा मकान बंद हो। मौका मिलने पर ताला तोड़कर घर में घुसते और सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर लेते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने आजमगढ़ में चार चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इनमें कोतवाली आजमगढ़ के आराजीबाग ब्रह्मस्थान, रौनापार के सुदनीपुर, अहरौला के पकड़ी और पवई के नाटी गांव में हुई चोरी की घटनाएं शामिल हैं।

चोरी का माल अंबेडकरनगर में बेचने की थी योजना

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए माल को जनपद अंबेडकरनगर में बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के समय भी आरोपी रेकी के उद्देश्य से घूम रहे थे। विकास सोनी ने पुलिस को बताया कि वह पहले अन्य आरोपियों से चोरी का माल खरीदता था और बाद में उनके साथ चोरी की घटनाओं में शामिल होने लगा।

यह सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 सोने के आभूषण, 22 चांदी के आभूषण, 14 हजार रुपये नकद, एक .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त हरे रंग का टेंपो (UP50DT7653), काले रंग की हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP50AY3130) और लाल-काली होंडा शाइन मोटरसाइकिल (UP50CN0091) भी बरामद की गई हैं।

अब्दुल्ला का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मो. अब्दुल्ला के खिलाफ आजमगढ़ और मऊ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ पूर्व के मामलों सहित कुल 28 मुकदमों का आपराधिक इतिहास पुलिस ने बताया है।

वहीं अम्बेश कुमार के खिलाफ भी आजमगढ़ और मऊ में चोरी, धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और अन्य धाराओं में पूर्व के मुकदमे दर्ज हैं। आकाश कुमार के खिलाफ पवई, अहरौला, रौनापार और कोतवाली आजमगढ़ में चार मुकदमे तथा विकास सोनी के खिलाफ पवई थाने में मुकदमा दर्ज बताया गया है।

पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।