रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। सिधारी हाइडिल स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में शुक्रवार को जमीन के बैनामे को लेकर जमकर हंगामा हो गया। जमीन की रजिस्ट्री का विरोध करने पहुंचे विक्रेता के पुत्र और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच कहासुनी के बाद गुत्थम-गुत्था हो गई। इस दौरान मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया। सूचना मिलने पर सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई।

मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सुराई गांव निवासी बजरंगी गोंड ने आरोप लगाया कि उसके पिता उत्तम गोंड की करीब 19 बिस्वा जमीन का बैनामा कराने का प्रयास गांव के ही अशोक यादव और संतोष यादव द्वारा किया जा रहा था। बजरंगी के मुताबिक, उसे जब जमीन के बैनामे की जानकारी हुई तो वह तत्काल सिधारी हाइडिल स्थित रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचा और बैनामे पर आपत्ति जताई।

आरोप है कि विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे घेर लिया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और हाथापाई शुरू हो गई। देखते ही देखते रजिस्ट्री कार्यालय परिसर में हंगामा मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिधारी थाना पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई।

पिता के लापता होने पर जताई अपहरण की आशंका

बजरंगी ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पिता उत्तम गोंड का फिलहाल कोई पता नहीं चल रहा है। उसने आशंका जताई कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके पिता को कहीं छिपा दिया है। बजरंगी ने इसी आधार पर पिता के अपहरण की आशंका भी जताई है। हालांकि, पिता के अपहरण या उन्हें कहीं छिपाए जाने के आरोपों की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है।

बजरंगी के अनुसार, उनके घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर परिवार की 19 बिस्वा जमीन है। उसका कहना है कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और इसी जमीन से परिवार की उम्मीदें जुड़ी हैं। आरोप है कि उसके पिता को प्रभाव में लेकर पूरी जमीन का बैनामा कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उसने बताया कि परिवार में छोटे-छोटे बच्चे हैं और यदि जमीन बिक जाती है तो परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो सकता है। इसी वजह से उसने रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचकर बैनामे का विरोध किया।