
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के वैसाडीह गांव में शुक्रवार शाम पोखरे में डूबने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शाम करीब साढ़े सात बजे पोखरे में शव उतराता देखकर ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला। पहचान होने के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान बिरेन्द्र चौहान के रूप में हुई। बताया गया कि बिरेन्द्र तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। ग्रामीणों के अनुसार, वह शराब का सेवन करता था। शुक्रवार सुबह से ही उसने शराब पी रखी थी।
बताया जा रहा है कि शाम के समय बिरेन्द्र वैसाडीह गांव के चौराहे के पास स्थित पोखरे में चला गया और पानी में कूद गया। इसके बाद वह बाहर नहीं निकल सका। काफी देर बाद पोखरे में उसका शव उतराता दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला।
ग्रामीण शव को लेकर उसके घर पहुंचे। परिजनों ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। बिरेन्द्र के दोनों भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में दिल्ली और पंजाब में रहते हैं। उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। घर में उसकी मां और परिवार की अन्य महिलाएं हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को भी जानकारी दी गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फूलपुर देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान की ओर से घटना की सूचना दी गई थी। परिजन किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं और उनकी ओर से कोई लिखित सूचना भी नहीं दी गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवक के शराब के नशे में पोखरे में डूबने से मौत होने की बात सामने आई है।
