
रिपोर्ट____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर कांड के बाद अब मामले को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। गुरुवार को समाजवादी पार्टी के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज जिला मंडलीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना में मृत आरोपी अरविंद की घायल बेटी परी का हालचाल लेने का प्रयास किया और अस्पताल में मौजूद परिजनों से घटना की जानकारी ली। शंभूपुर गांव में 22 सितंबर को पूजा-पाठ के दौरान हुए विवाद के बाद गोलीबारी में अरविंद की पत्नी और पूजा कराने आए दो पुजारियों की मौत हो गई थी। इसके बाद अरविंद अपने बच्चों के साथ कमरे में बंद हो गया था। कई घंटे चले पुलिस ऑपरेशन के दौरान एक बच्चे की भी गोली लगने से मौत हुई, जबकि पुलिस कार्रवाई में अरविंद की भी मौत हो गई। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में तनाव और शोक का माहौल है। अस्पताल पहुंचने के बाद सपा सांसद ने मीडिया से बातचीत में पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि घटना बेहद गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सांसद ने कहा कि वह इस मामले को संसद में भी उठाएंगे। दरोगा प्रसाद सरोज ने कहा कि वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अखिलेश यादव को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराएंगे। उनका कहना था कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे। सपा सांसद ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने सवाल किया कि सरकार का लॉ एंड ऑर्डर आखिर कहां है? उन्होंने कहा कि इतनी गंभीर घटना के बाद पूरे मामले की तह तक जाना जरूरी है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। आगे उन्होंने कहा कि वह जल्द ही शंभूपुर गांव भी जाएंगे और वहां घटना से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह ग्रामीणों और परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेंगे।
सांसद के इस बयान के बाद शंभूपुर हत्याकांड को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के आसार हैं। अब देखना होगा कि मामले की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और सांसद द्वारा संसद में इसे उठाए जाने के बाद इस मुद्दे पर केंद्र और प्रदेश स्तर पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
