रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के हैदराबाद छतवारा स्थित नई कॉलोनी में मंगलवार को पुलिस ने एक मकान में छापेमारी कर चार महिलाओं को हिरासत में लिया। पुलिस टीम सभी महिलाओं को पूछताछ के लिए सिधारी थाने लेकर पहुंची। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, हैदराबाद छतवारा नई कॉलोनी निवासी हनुमान ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि कॉलोनी के एक मकान में एक महिला कई अन्य महिलाओं के साथ मिलकर कथित रूप से सेक्स रैकेट चला रही है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मकान पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है।

शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया था कि इस मामले की शिकायत पहले भी पुलिस से की जा चुकी है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पुलिस ने पूर्व में तीन बार संबंधित महिला को पकड़ा था, जिसके बाद आपसी सुलह हो गई थी। आरोप है कि कुछ दिनों तक गतिविधियां बंद रहने के बाद दोबारा शुरू हो जाती थीं।

लगातार हो रही गतिविधियों को लेकर कॉलोनी के लोगों में नाराजगी बताई जा रही थी। शिकायत के आधार पर मंगलवार को सिधारी थाना पुलिस ने संबंधित मकान पर छापेमारी की। इस दौरान मौके से चार महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।

पुलिस टीम को मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की भी बात सामने आई है। हालांकि, बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पुलिस स्तर से जांच की जा रही है।

सीओ शुभम तोदी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद सिधारी थाना पुलिस और महिला थाना पुलिस की टीम ने मकान पर छापेमारी की। सभी महिलाओं को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि मकान में कथित गतिविधियां किस स्तर पर संचालित हो रही थीं तथा इसमें अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं।