
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के ग्राम शम्भूपुर, तहसील बूढ़नपुर में 21 सितंबर 2026 को हुई घटना में तीन परिवारों के सदस्यों की मृत्यु के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पीड़ित परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
घोषणा के अनुसार, स्वर्गीय महेन्द्र पाठक के पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये तथा स्वर्गीय अखिले मिश्रा के पीड़ित परिवार को भी 5 लाख रुपये की सहायता धनराशि दी जाएगी।
वहीं, घटना में माता-पिता और भाई की मृत्यु के बाद बची दो नाबालिग बच्चियों को भी सरकार की ओर से सहायता दी जाएगी। दोनों बच्चियों को 2.50-2.50 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
डीएम-एसएसपी ने पीड़ित परिवारों से मिलकर जताई संवेदना
घटना के बाद जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ ने तीनों पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और शोक संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों ने परिवारों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।
जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। इनमें मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और शिक्षा का अधिकार अधिनियम सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं।
प्रशासन का प्रयास है कि पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाया जा सके, ताकि हादसे के बाद परिवारों को आर्थिक और सामाजिक स्तर पर आवश्यक सहयोग मिल सके।
समाज के गणमान्य व्यक्ति ने भी की मदद
प्रशासन की अपील पर समाज के एक गणमान्य महानुभाव ने भी तीनों पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए आगे आते हुए प्रत्येक परिवार को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि पीड़ित परिवारों को शासन और प्रशासन स्तर से नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई जारी है।
