आजमगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र के खेमीपुर गांव में रविवार को दिनदहाड़े एक युवक ने घर में घुसकर एक विवाहिता पर हंसिया से हमला कर दिया। बहू की चीख सुनकर उसे बचाने पहुंचे चचेरे ससुर को आरोपी ने धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने से गंभीर रूप से घायल लालचंद मौर्य (50) की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बच्चे को दूध पिला रही थी विवाहिता, तभी घर में घुसा युवक

मृतक के भाई फूलचंद की बहू शिवांगी मौर्य ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे वह घर में बच्चे को दूध पिला रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक घर में घुस आया और हंसिया से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके माथे पर चोट लग गई। शिवांगी के शोर मचाने पर घर के बाहर मंडई में सो रहे उसके चचेरे ससुर लालचंद मौर्य मौके पर पहुंचे। आरोप है कि लालचंद ने युवक को कमरे में बाहर से बंद करने के लिए कुंडी लगा दी। हालांकि, दरवाजे के बगल में बने बिना दरवाजे वाले जंगले से आरोपी ने हाथ डालकर कुंडी खोल ली। इसके बाद आरोपी ने लालचंद को धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गया। धक्का लगने से लालचंद जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

20 दिनों से गांव में संदिग्ध युवक के घूमने का आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में पिछले करीब 20 दिनों से एक संदिग्ध युवक के घूमने का दावा किया है। ग्रामीणों के मुताबिक, युवक अक्सर काले कपड़े और काले जूते पहनता है तथा चेहरे को काले गमछे से ढके रहता है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली कटने के दौरान संदिग्ध युवक गांव में आता है और घरों में घुसने की कोशिश करता है। कुछ लोगों ने उसे कभी पेड़ पर चढ़ते तो कभी किसी के घर में घुसते हुए देखने की बात कही है। ग्रामीणों के अनुसार, संदिग्ध युवक द्वारा महिलाओं पर हमला किए जाने की भी चर्चा है।

दो दिन पहले भी घर में घुसने का आरोप

ग्रामीणों ने बताया कि घटना से दो दिन पहले भी उक्त संदिग्ध युवक पूर्णमासी के घर में घुसा था। आरोप है कि उसने घर में रखा बॉक्स खोलकर सामान इधर-उधर कर दिया था। ग्रामीणों के पहुंचने पर वह मौके से भाग निकला। हालांकि, इन घटनाओं की सूचना उस समय पुलिस को नहीं दी गई थी।

पुलिस को अभी तहरीर का इंतजार

थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल ने बताया कि लालचंद मौर्य के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। ग्रामीणों द्वारा बताए जा रहे संदिग्ध युवक की पहचान और घटना में उसकी भूमिका भी जांच का विषय है।