रिपोर्ट___अरुण यादव

आजमगढ़। सोमवार की शाम अचानक बदले मौसम के बीच आजमगढ़ नगर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज हवाओं और बारिश के दौरान एक पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से पांच वर्षीय मासूम बच्ची अलीना की मौत हो गई। हादसे का पूरा घटनाक्रम पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना नगर के गुरुटोला मोहल्ले के अनंतपुरा क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सभासद मो. अफजल के घर के सामने एक पुरानी दीवार थी। सोमवार की शाम मौसम अचानक खराब हो गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान मो. अफजल की पांच वर्षीय बेटी अलीना अन्य बच्चों के साथ पुरानी दीवार के पास खेल रही थी।

बताया गया कि तेज हवाएं चलने के बाद बच्चे वहां से हटने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच अचानक पुरानी दीवार भरभराकर बच्चों की तरफ गिर गई। अन्य बच्चे तो किसी तरह बाल-बाल बच गए, लेकिन अलीना दीवार के मलबे में दब गई।

मासूम के मलबे में दबने की जानकारी होते ही परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर बच्ची को बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने अलीना को मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंचे अधिकारी और जनप्रतिनिधि

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तहसीलदार के अलावा विधायक दुर्गा प्रसाद यादव और पालिकाध्यक्ष सरफराज आलम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा

हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बच्चे पुरानी दीवार के पास मौजूद थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर जाती है और कुछ ही सेकंड में पूरा मलबा नीचे आ जाता है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है। हादसे का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार

मासूम की मौत के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजनों की इच्छा के अनुसार बच्ची के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।

आंधी और बारिश के बीच हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पांच वर्षीय अलीना की दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा है। वहीं, हादसे का CCTV फुटेज सामने आने के बाद घटना की भयावहता और भी स्पष्ट हो गई है।