
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले मे वार्षिक निरीक्षण-2026 के दूसरे दिन मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने आजमगढ़ के सिधारी थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय के अभिलेखों, मालखाने, शस्त्रागार, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क और सीसीटीएनएस कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही जनपदों से आए आईपीएस अधिकारी भी उपस्थित रहे। एडीजी ने सबसे पहले थाना परिसर में सलामी गार्द का निरीक्षण किया। इस दौरान गार्द के टर्नआउट, अनुशासन और सलामी की गुणवत्ता को परखा। इसके बाद थाना कार्यालय में अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, जनशिकायत रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर और भूमि विवाद रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यावधिक रखने और प्रविष्टियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मालखाना, माल मुकदमाती और शस्त्रागार का निरीक्षण करते हुए उन्होंने शस्त्रों एवं कारतूसों के रखरखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। हवालात की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर हेल्प डेस्क पर पहुंचकर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति की गतिविधियों और महिला संबंधी अपराधों में की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की। सीसीटीएनएस कार्यालय के निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन अभिलेखों और पोर्टल पर दर्ज प्रविष्टियों की स्थिति देखी। साथ ही लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की समीक्षा करते हुए मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। एडीजी ने थाना परिसर, कार्यालय, बैरक, भोजनालय और पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही हिस्ट्रीशीटरों एवं सक्रिय अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने, बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने और आपराधिक गतिविधियों की सूचना जुटाकर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
त्योहारों पर पैदल गश्त और वाहन चेकिंग बढ़ाने के निर्देश
आगामी धनतेरस, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए एडीजी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजारों, संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर पुलिस निगरानी बढ़ाने के साथ नियमित पैदल गश्त एवं प्रभावी वाहन चेकिंग कराने को कहा। त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, जाम की स्थिति से बचने और अवैध अतिक्रमण हटवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा पर्याप्त पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा संभ्रांत व्यक्तियों, ग्राम चौकीदारों और गणमान्य नागरिकों से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारा कायम रखने पर जोर दिया।
फरियादियों से सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत
जनशिकायतों की समीक्षा करते हुए एडीजी ने थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने और उनकी शिकायतों का निष्पक्ष तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने थानाध्यक्षों को अधीनस्थ पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर उनका समयबद्ध समाधान कराने को भी कहा।
एडीजी नवीन अरोरा ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के निस्तारण और आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय, सतर्कता और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
