
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही मिठाइयों की मांग बढ़ने लगी है। इसी बीच मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए लालगंज में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम नेहा मिश्रा ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ तीन मिठाई दुकानों पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई से बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
एसडीएम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी और अपनी टीम के साथ गुरु कृपा मिष्ठान भंडार, मधुराज स्वीट्स और राजनंदनी मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने मिठाई बनाने की जगह, साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और कर्मचारियों द्वारा अपनाए जा रहे स्वच्छता मानकों की जांच की। निरीक्षण में कई दुकानों पर गंदगी, मिठाइयों पर निर्माण तिथि और बेस्ट बिफोर की जानकारी का उल्लेख नहीं होने जैसी कमियां मिलीं। वहीं, कुछ कर्मचारी बिना कैप और ग्लव्स के मिठाइयां तैयार करते पाए गए।जांच के दौरान गुरु कृपा मिष्ठान भंडार में रखे बेसन के घोल और शीरे को टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा खोया, बेसन और दूध से तैयार मिठाइयों के नमूने भी लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए आगरा स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद मिठाइयों की गुणवत्ता और उनमें मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों और साफ-सफाई में मिली कमियों को लेकर संबंधित दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में मिलावट या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन की इस कार्रवाई को मिलावटखोरी और अस्वच्छता पर अंकुश लगाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। एसडीएम की औचक छापेमारी के बाद मिठाई कारोबारियों में हलचल है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट और आगे होने वाली विभागीय कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
