
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के अहरौला निवासी सौरभ राय, जो सऊदी अरब जा रहे थे, बहरीन हवाई अड्डे पर लापता हो गए थे। बाद में पता चला कि बहरीन कस्टम विभाग ने उन्हें खैनी और चुनौती के साथ संदिग्ध मानकर हिरासत में लिया था। विभाग ने उन पर 7200 बहरीन मुद्रा का जुर्माना लगाया है, जिसका भारतीय मूल्य लगभग 18 लाख रुपये है। सौरभ राय 29 अक्तूबर को मुंबई से उड़ान भरकर बहरीन हवाई अड्डे पहुंचे थे। हवाई अड्डे पहुंचने के बाद उन्होंने परिवार से फोन पर संपर्क किया था, इसके बाद से उनकी कोई जानकारी नहीं मिली थी। उनके भाई ऋषभ राय ने 12 नवंबर को मंडलायुक्त, डीएम और एसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने विदेश मंत्रालय से समन्वय स्थापित करने की मांग की थी। परिवार के अनुसार, सौरभ सऊदी अरब के अल-कतीफ, दम्माम में निजी चालक के रूप में कार्यरत थे। ऋषभ राय ने बताया कि बहरीन में जानने वाले लोगों और वकील के माध्यम से दूतावास और बहरीन आव्रजन में पड़ताल की गई। पड़ताल में सामने आया कि कस्टम विभाग ने 29 अक्तूबर को सौरभ को हिरासत में लिया था। उन्हें खैनी और चुनौती मिलने के कारण संदिग्ध माना गया था। कस्टम विभाग ने उनके मोबाइल सहित अन्य जानकारी हासिल की थी। हिरासत की जानकारी 17 नवंबर को वकील के माध्यम से परिवार को दी गई।
विधिक प्रक्रिया और जुर्माना
ऋषभ राय ने बताया कि कस्टम विभाग ने 7200 बहरीन मुद्रा का जुर्माना लगाया है। यह राशि भारतीय रुपये में लगभग 18 लाख रुपये के बराबर है। उन्होंने बताया कि विधिक प्रक्रिया अभी जारी है। वकील के माध्यम से एक हफ्ते से 10 दिन का समय लगने की बात कही गई है।
वहीं इस पूरे मामले में CO बुढ़नपुर विजय सिंह गौर, ने बताया कि मामला हमारे संज्ञान में आया था। हालांकि, वर्तमान स्थिति की कोई जानकारी उनके पास नहीं है। उन्हें किसी तरह का आधिकारिक ईमेल भी प्राप्त नहीं हुआ है।
