रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। शहर के मातबरगंज स्थित श्री सुंदर गुरुद्वारा में मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारे में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम में सभी धर्मों के लोगों ने सहभागिता कर आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में 22 और 23 नवंबर को सुबह 5:30 बजे श्री सुंदर गुरुद्वारे से प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभातफेरी शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली, जिसमें श्रद्धालु संगतों ने शब्द कीर्तन करते हुए गुरु नानक देव जी के संदेशों का गुणगान किया। नगर भ्रमण के बाद प्रभातफेरी पुनः गुरुद्वारे पहुंचकर संपन्न हुई। मंगलवार को सुबह 10 बजे सहज पाठ साहिब जी की समाप्ति हुई। इसके उपरांत शब्द कीर्तन और अरदास की गई। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद श्रद्धालुओं के बीच कड़ाह प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें सभी धर्मों और वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

प्रेम, समानता और मानवता का संदेश देते हैं गुरु नानक देव जी

गुरु नानक देव जी सिख धर्म के प्रथम गुरु और महान आध्यात्मिक संत थे। उनका जन्म तलवंडी (वर्तमान ननकाना साहिब, पाकिस्तान) में हुआ था। उन्होंने समाज में व्याप्त जाति-पाति, ऊंच-नीच, भेदभाव, अंधविश्वास और धार्मिक आडंबरों का विरोध करते हुए मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का मूल आधार ‘एक ओंकार’ है, जिसका अर्थ है कि ईश्वर एक है और वह संपूर्ण सृष्टि में व्याप्त है। उन्होंने बताया कि सभी मनुष्य समान हैं और किसी के साथ जाति, धर्म, लिंग या आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने महिलाओं को भी समान सम्मान और अधिकार देने की शिक्षा दी। गुरु नानक देव जी ने मानवता को जीवन जीने का तीन सूत्रीय महामंत्र दिया—’नाम जपो, किरत करो और वंड छको’। इसका अर्थ है ईश्वर का स्मरण करना, ईमानदारी और मेहनत से आजीविका कमाना तथा अपनी कमाई और संसाधनों को जरूरतमंदों के साथ बांटकर खाना।

उनकी शिक्षाओं से प्रेरित होकर गुरुद्वारों में लंगर की परंपरा आज भी निरंतर जारी है। इसमें बिना किसी भेदभाव के सभी लोग एक पंक्ति में बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा सेवा, समर्पण, समानता और मानवता का जीवंत उदाहरण है। श्री सुंदर गुरुद्वारा मातबरगंज में आयोजित प्रकाशोत्सव ने एक बार फिर गुरु नानक देव जी के प्रेम, सेवा, सद्भाव और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।