
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के अनौरा गांव में सोमवार देर रात पारिवारिक विवाद के बाद एक 23 वर्षीय युवक की आत्महत्या से मौत हो गई। मंगलवार भोर में करीब तीन बजे घटना की जानकारी होने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान अनौरा गांव निवासी अजीत कुमार (23) पुत्र स्व. रामसमुझ कुमार के रूप में हुई। अजीत इंटरमीडिएट का छात्र था। वह तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार की रात परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद अजीत अपने कमरे में चला गया। मंगलवार भोर में करीब तीन बजे जब परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलने पर रानी की सराय थाने की पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया। वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
