
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़ जिले के अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के भवानीपुर में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने गठबंधन, सीट बंटवारे और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ सपा और कांग्रेस सीट बंटवारे के लिए कमेटी गठित कर बैठकें कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर यह संदेश दे रही है कि वह सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। संजय निषाद के सीटों पर दावे और उनकी रैलियों में भीड़ को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने कहा कि हर कोई अपनी बात कह रहा है। उन्होंने गठबंधन में सीट बंटवारे की तुलना भाई-भाई के बीच होने वाले बंटवारे से करते हुए कहा कि इसमें मतभेद होना कोई नई बात नहीं है।
वहीं, आजम खान के बयान पर पलटवार करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने उन पर मुसलमानों को गुलाम बनाकर रखने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी के लिए काम कर रहे हैं। राजभर ने आगामी 6 दिसंबर को आजमगढ़ के आईटीआई मैदान में होने वाली सामाजिक समरसता महारैली का भी ऐलान किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे।
आजमगढ़ की विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के सवाल पर राजभर ने कहा कि उनकी इच्छा है कि उनकी पार्टी दो सीटों पर चुनाव लड़े। समाजवादी पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले आजमगढ़ को लेकर उन्होंने दावा किया कि अकेले ओमप्रकाश राजभर ने ही सपा के लोगों का पसीना छुड़ा दिया है। उन्होंने कहा कि 6 दिसंबर को आजमगढ़ में सियासी ताकत देखने को मिलेगी।
