रिपोर्ट_____अरुण यादव 

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के जुनेदगंज में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां किराए के कमरे में 22 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कंधरापुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर गांव निवासी निलेश प्रजापति के रूप में हुई। जिस समय युवक ने यह कदम उठाया, उस समय उसके पैतृक घर में चाचा की बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब परिवार को उसकी मौत की खबर मिली। मिली जानकारी के मुताबिक, निलेश प्रजापति शहर के लक्षिरामपुर स्थित एक निजी अस्पताल में एक्स-रे टेक्निशियन के पद पर काम करता था। नौकरी के कारण वह जुनेदगंज में किराए का कमरा लेकर रहता था। वह तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। मंगलवार को उसके चाचा मंगल प्रजापति की बेटी की शादी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और सभी परिजन समारोह में शामिल होने के लिए जुटे थे। मंगलवार सुबह से ही परिजन निलेश को फोन कर शादी में जल्द पहुंचने के लिए कह रहे थे, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका फोन नहीं उठा। लगातार संपर्क नहीं होने पर परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने उसके अस्पताल में संपर्क किया। अस्पताल की ओर से एक व्यक्ति निलेश के किराए के कमरे पर पहुंचा। कमरे के बाहर उसकी बाइक खड़ी थी। दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो निलेश का शव फंदे से लटक रहा था। यह दृश्य देखकर मौके पर पहुंचा व्यक्ति सन्न रह गया। उसने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों को दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। मां, भाई-बहनों समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस घर में कुछ देर पहले शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां चीख-पुकार गूंजने लगी। अचानक हुई इस घटना से गांव और आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए।

परिजनों ने भारी मन से शादी की रस्में पूरी कीं। बुधवार को निलेश के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, युवक की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।