रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में सियासी बयानबाजी के बीच उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त कैबिनेट मंत्री मोहसिन रजा ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बसपा पर जमकर निशाना साधा। मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र के सठियांव विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कस्बा सराय में सैय्यद समाज की बैठक में पहुंचे मोहसिन रजा ने वक्फ संशोधन कानून से लेकर 2027 के विधानसभा चुनाव तक कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।वक्फ संशोधन कानून 2025 को लेकर उन्होंने कहा कि इस कानून के जरिए वक्फ संपत्तियों का संरक्षण, विकास और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि उत्तर प्रदेश में पहले लाखों वक्फ संपत्तियां पंजीकृत थीं, लेकिन बाद में उनकी संख्या में भारी कमी कैसे आ गई? आखिर वे संपत्तियां कहां गईं और उनका हिसाब कौन देगा? मोहसिन रजा ने कहा कि अब वक्फ संपत्तियों की आमदनी और खर्च का पूरा लेखा-जोखा देना होगा। मुतवल्ली की जिम्मेदारी तय होगी और व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश में वक्फ की नियमावली बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उनका कहना था कि वक्फ संपत्तियां मुस्लिम समाज के कल्याण और जरूरतमंदों की मदद के लिए होती हैं, लेकिन पहले इनका लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा था। वहीं, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के जेल से बाहर आने के बाद इंकलाब वाले बयान पर मोहसिन रजा ने तंज कसते हुए कहा कि आजम खान ने कौन सा इंकलाब किया था, यह सभी जानते हैं। उन्होंने दावा किया कि रामपुर में उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों में मुस्लिम समाज के लोगों की भी बड़ी संख्या है। सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भी उन्होंने निशाना साधा। मोहसिन रजा ने कहा कि 2017 में भी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस एक साथ चुनाव मैदान में उतरी थीं और उसका परिणाम जनता ने दिखा दिया था। अब 2027 में भी दोनों दल साथ आ रहे हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। समाजवादी पार्टी पर मुस्लिम समाज को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए मोहसिन रजा ने कहा कि सपा ने मुस्लिम समाज से वोट तो लिया, लेकिन उनके कल्याण के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की योजनाओं में जाति और मजहब देखकर लाभ नहीं दिया जाता, बल्कि पात्रता के आधार पर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। आजमगढ़ की सियासत पर बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि इस बार जिले की जनता भी परिवर्तन करेगी। वहीं, असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को चुनाव लड़ने और जनता के बीच जाने का अधिकार है। अंतिम फैसला जनता को करना है।कस्बा सराय में आयोजित इस बैठक के दौरान मोहसिन रजा ने एक तरफ वक्फ संशोधन कानून को मुस्लिम समाज के हित में बताया, तो दूसरी तरफ विपक्षी दलों पर मुस्लिम समाज को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए 2027 में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।