
रिपोर्ट____आशीष निषाद
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया नगर पंचायत क्षेत्र में एक मछली पालक को उस समय बड़ा आर्थिक झटका लगा, जब उसके तालाब में पल रही करीब डेढ़ सौ क्विंटल तैयार मछलियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से मछली पालक को करीब 20 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा तालाब में जहरीला पदार्थ डाले जाने की आशंका जताई है।
कस्बा निवासी मछली पालक मुश्ताक अहमद ने बताया कि वे पिछले पांच से सात वर्षों से मछली पालन का कार्य कर रहे हैं, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार हुई है। उन्होंने बताया कि वे गौरी गांव से मछली के छोटे बच्चे लाकर पालते हैं, जिन्हें तैयार होने में एक से डेढ़ साल का समय लगता है। तालाब की मछलियां लगभग बिक्री के लिए पूरी तरह तैयार हो चुकी थीं।
पीड़ित के अनुसार, दो दिन पहले तालाब का पीएच स्तर कम होने के कारण कुछ मछलियां मरी थीं, जिसे दवा डालकर नियंत्रित कर लिया गया था। लेकिन बीती रात अचानक पूरी की पूरी मछलियां एक साथ मरकर तालाब की तलहटी में बैठ गईं और सुबह होते-होते सड़कर पानी के ऊपर उतराने लगीं।
मुश्ताक अहमद का कहना है कि यदि कोई बीमारी लगती तो मछलियां धीरे-धीरे एक-दो क्विंटल करके मरतीं और उनका इलाज संभव होता, लेकिन एक ही रात में पूरे तालाब की मछलियों का मरना जहर डाले जाने की ओर इशारा करता है। हालांकि, उन्होंने किसी से भी पुरानी रंजिश या किसी पर सीधा शक होने से इनकार किया है। संक्रमण और दुर्गंध फैलने से रोकने के लिए मृत मछलियों को जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर जमीन में दफन कराया जा रहा है।
