बरेली । जिले के सिरौली क्षेत्र में एक युवक ने बुधवार को गांव में जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा किया। वह हाथ में तमंचा लेकर छत पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। युवक पुलिस से बोला, साहब प्रेमिका ने मेरा जीवन बर्बाद कर दिया। मैं अब जीना नहीं चाहता हूं। पुलिस ने तीन घंटे की मशक्कत एवं ग्रामीणों के सहयोग से युवक को पकड़ लिया। तमंचा रखने के अपराध में उसे गिरफ्तार कर लिया। 

सिरौली थाना क्षेत्र की नबाबपुरा पुलिस चौकी के एक गांव निवासी संदीप सागर का एक किशोरी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह किशोरी को फुसलाकर अपने साथ ले गया। किशोरी के पिता ने रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने प्रेमी युगल को पकड़ लिया और युवक को जेल भेज दिया। जमानत पर छूटकर युवक गांव आया। वह मुकदमे से परेशान हो गया। घरवालों ने भी उसका साथ छोड़ दिया। 

बुधवार को युवक हाथ में तमंचा लेकर आत्महत्या करने के इरादे से छत पर चढ़ गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कनपटी पर तमंचा रखकर पुलिस को अपनी प्रेम कहानी बताता रहा। इस दौरान वह फफक कर रो भी पड़ा। बोला, साहब… प्रेमिका ने मेरा जीवन बर्बाद कर दिया। अब मैं जीना नहीं चाहता। 

लड़की के भाई ने लगाया धमकाने का आरोप 
पुलिस ने तीन घंटे युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इसी बीच एक ग्रामीण उसे समझाते हुए उसके पास गया और उसे दबोच लिया। इसके बाद पुलिस की सांस में सांस आई। पुलिस युवक को थाने में ले आई। उधर, लड़की के भाई ने शिकायत कर पुलिस को बताया कि वह गोबर डालने जा रहे थे। तभी संदीप तमंचा लेकर उन्हें जान से मारने को धमका रहा था। आरोप है कि उसने तमंचा लेकर दौड़ाया भी था। 

सिरौली थाने के इंस्पेक्टर रामरतन सिंह ने बताया कि युवक अपने परिजनों से परेशान होकर आत्महत्या करने की धमकी दे रहा था। उसे तमंचा रखने के जुर्म में गिरफ्तार किया गया। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।