आज़मगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के बिहटा गांव निवासी 13 वर्षीय आदर्श की सियार के काटने के बाद इलाज में लापरवाही से मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गद्दोपुर बाजार में शव रखकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। परिजनों और ग्रामीणों की मांग पर चिकित्सक के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बीते 24 अगस्त को आदर्श को सियार ने काट लिया था। परिजन उसे गद्दोपुर स्थित निजी चिकित्सक डॉ. जिलेदार यादव के पास ले गए। आरोप है कि डॉक्टर ने भरोसा दिलाया कि अन्य कहीं जाने की आवश्यकता नहीं है और वही इलाज करते रहे। लेकिन रविवार को अचानक आदर्श की तबीयत बिगड़ने पर उसे रेफर कर दिया गया। इस बीच सोमवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाकर मामला शांत कराया। इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि चिकित्सक के खिलाफ इलाज में लापरवाही और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।