आज़मगढ़। जिले में विशेष पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के दौरान लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने सख्त रूख अपनाया है। बूढ़नपुर तहसील के एक लेखपाल को ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में निलंबित करते हुए एफआईआर दर्ज कराई गई है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश सहित 11 अन्य राज्यों/संघ शासित प्रदेशों में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम 28 अक्टूबर 2025 से 07 फरवरी 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में तहसील बूढ़नपुर के लेखपाल सर धनराज राम को बूथ संख्या 167 (प्रा०वि० बेमूडीह गोसाई), बूथ संख्या 168 (पंचायत भवन बेमूडीह किशुनदेवपट्टी) तथा बूथ संख्या 171, 172 और 173 (क०प्रा०वि० गौरा—कक्ष संख्या 1, 2 व 3) पर सुपरवाइजर के रूप में तैनात किया गया था।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सुपरवाइजर सर धनराज राम द्वारा संबंधित बूथों पर तैनात बीएलओ को गणना प्रपत्र और मतदाता सूची मैपिंग के आवश्यक प्रपत्र अब तक उपलब्ध नहीं कराए गए थे। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने और अपने शासकीय दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन न करने के आरोप में उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इसके साथ ही नायब तहसीलदार बूढ़नपुर वंदना वर्मा द्वारा इनके विरुद्ध थाना अतरौलिया में धारा 173 बीएनएसएस के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। प्रशासन का कहना है कि SIR संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
