आज़मगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के पुष्पनगर गांव के रहने वाले एक पीड़ित ने गांव के ही पिता-पुत्र पर भूमि की पैमाइश कराने के बहाने जालसाजी कर करीब 65 लाख रुपये की भूमि अपने नाम करवा लिया। जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली लेकिन आरोपी भूमि पर जबरन कब्ज़ा व निर्माण करने की कोशिश कर रहे है और जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट करने के साथ जान से मारने की धमकी दी । इस मामले में पीड़ित ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित वृजेश कुमार पुत्र गुरुचरण ने आरोप लगाया है कि गांव के सुजीत सिंह और उसके पुत्र सौरभ सिंह ने तहसील मार्टिनगंज में बुलाकर कागजातों पर दस्तखत और अंगूठा निशान करा लिए। बाद में पता चला कि आरोपियों ने धोखे से जाली दस्तावेज तैयार कराकर उसकी जमीन अपने नाम लिखवा ली।
पीड़ित का कहना है कि मुकदमा लंबित होने के बावजूद आरोपी दबंगई के बल पर कब्जा करने और निर्माण की धमकी दे रहे हैं। विरोध करने पर पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले से ही अपराधी किस्म के हैं और उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पीड़ित ने SSP से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
