आजमगढ़। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सामाजिक न्याय के प्रणेता व पिछड़ों को 27% आरक्षण दिलाने वाले बी.पी. मंडल जी की जयंती मनाई गई। पार्टी नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि मंडल साहब ने पिछड़ों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी और उन्हें संविधानसम्मत हक दिलाया। उन्होंने याद दिलाया कि स्व. मुलायम सिंह यादव ने 1989 में उत्तर प्रदेश में सबसे पहले आरक्षण लागू किया था।
उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी और योगी की सरकार आरक्षण को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में विधायकगण व पदाधिकारियों ने यूरिया खाद की कालाबाजारी, बाढ़ की समस्या व नहरों में पानी के अभाव जैसे मुद्दों पर राज्यपाल को जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
बैठक में पल्हना ब्लॉक प्रमुख अनुराग सिंह उर्फ सोनू और उसके साथियों पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने विवेकानंद व विकास यादव को अपने हाते में बंद कर बुरी तरह पीटा, जिन्हें पुलिस ने छुड़ाया। सपा नेताओं ने कहा कि योगी सरकार में दबंग और सामंती प्रवृत्ति के लोग खुलेआम पिछड़े, दलित व मुसलमानों को निशाना बना रहे हैं। कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और प्रशासन भाजपा नेताओं के इशारे पर काम कर रहा है। इस पर सपा नेताओं ने एसएसपी आजमगढ़ से वार्ता कर सख्त कार्यवाही की मांग की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की, जबकि संचालन सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, जयराम सिंह पटेल, सिकंदर यादव, पूजा सरोज, डॉ. एच.एन. सिंह पटेल, आलमबदी आज़मी समेत बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
