आज़मगढ़: जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के कुकुड़ीपुर गांव के पास  सड़क हादसे में बुलेट सवार बीमा एजेंट की मौत हो गई, जबकि एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। बोलेरो चालक टक्कर मारने के बाद वाहन लेकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव निवासी 45 वर्षीय मुकेश अस्थाना वाराणसी में परिवार के साथ रहते थे और एक बीमा कंपनी में एजेंट थे। गुरुवार की सुबह वह घर आए थे और शाम को प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक, चकसिकठी नयापुरा निवासी 43 वर्षीय सोभित यादव के साथ बुलेट से शहर की ओर जा रहे थे। कुकुड़ीपुर गांव के पास पीछे से आ रही बोलेरो ने बुलेट को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।

दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक ने गाड़ी बैक कर मुकेश अस्थाना को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। सूचना पर लोहर पुलिस चौकी प्रभारी प्रमोद यादव दल-बल के साथ पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल भेजवाया। वहां डॉक्टरों ने मुकेश अस्थाना को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शिक्षक सोभित यादव को रेफर कर दिया गया।