आजमगढ़। आगामी छठ महापर्व को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने मंगलवार को गौरीशंकर घाट, दलालघाट और सिधारी घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने 27 और 28 अक्टूबर को होने वाले छठ पर्व के सकुशल आयोजन के लिए स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिया कि नदी में बैरीकेटिंग का कार्य समय से पूरा हो और सभी घाटों पर साफ-साफ दिखनी चाहिए।
डीएम ने सभी घाटों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम, पर्याप्त रोशनी और सजावट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सुरक्षा दृष्टि से बैरीकेटिंग, गोताखोरों, नावों और पुलिस बल की तैनाती की व्यवस्था भी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी स्थानों पर पुलिस और मजिस्ट्रेट की ड्यूटी समय से लगा दी जाए ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, उप जिलाधिकारी सदर नरेंद्र गंगवार, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, जिला पंचायत राज अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
