आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और डिजिटल भारत की थीम पर सेवा पखवाड़ा एवं 02 अक्टूबर को गांधी जयंती मनाये जाने को लेकर बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि सेवा पखवाड़ा पूरे देश में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। यह अभियान भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, आधारभूत संरचना, ग्रामीण विकास, डिजिटल परिवर्तन, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण जैसी प्रगति को बढ़ावा देगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया। जिला युवा कल्याण अधिकारी एवं क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी खेल प्रतियोगिताओं व एकता दौड़ का आयोजन करें। नगर पालिका/पंचायत क्षेत्रों में साफ-सफाई, स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्तियों का माल्यार्पण और महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता कार्यक्रम कराए जाएं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी प्रमुख स्थानों पर एम्बुलेंस सतर्क रखी जाएगी, स्वास्थ्य कैंप और नि:शुल्क दवाओं का वितरण होगा। स्कूलों में प्रभात फेरी, चित्रकला प्रतियोगिता और स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम होंगे। चित्रकला प्रतियोगिता तीन वर्गों—जूनियर, सीनियर और सामान्य वर्ग—में कराई जाएगी। प्रत्येक वर्ग के प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 51,000, 21,000 और 11,000 रुपये तथा प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। चयनित पेंटिंग्स राज्य ललित कला अकादमी लखनऊ को 15 अक्टूबर तक भेजी जाएंगी।
गांधी जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, फल वितरण और कुष्ठ रोगियों में दवाओं का वितरण भी होगा। जनपद स्तर पर कार्यक्रम स्थल और तिथि की सूचना समय पर दी जाएगी। कार्यक्रमों का जिओ टैगिंग सहित विवरण संस्कृति विभाग को ईमेल से भेजा जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
