रिपोर्ट: आशीष निषाद
आज़मगढ़। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जनपद पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नाबालिग किशोरियों से दुष्कर्म के मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। अतरौलिया और कप्तानगंज थाना पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पहला मामला अतरौलिया थाना क्षेत्र का है, जहां बीते तीन जनवरी को एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की तहरीर दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त शिवम पाण्डेय के खिलाफ धारा 64(1) बीएनएस (दुष्कर्म) व 3/4 पाक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। सोमवार की सुबह उप-निरीक्षक देवी शंकर पाण्डेय व उप-निरीक्षक उमेश चन्द ने मुखबिर की सूचना पर सिकन्दरपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर अभियुक्त शिवम पाण्डेय पुत्र राधे गोविन्द, निवासी ग्राम कठुई, थाना कोतवाली अकबरपुर, जनपद अम्बेडकर नगर को गिरफ्तार कर लिया।
दूसरा मामला थाना कप्तानगंज से जुड़ा है, जहां रविवार को नाबालिग बालिका के साथ डरा-धमकाकर दुष्कर्म किए जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में धारा 64(1), 351(3) बीएनएस व 4(2) पाक्सो एक्ट के तहत वांछित अभियुक्त जालन्धर उर्फ जलान्धर (51 वर्ष), पुत्र बुद्धू, निवासी ग्राम खारीडिहा, थाना कप्तानगंज को थानाध्यक्ष जय प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को सन्तुगंज बाग, खारीडिहा से गिरफ्तार किया।
दोनों अभियुक्तों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।
