आज़मगढ़। समाजवादी पार्टी के एमएलसी एवं पूर्व विधायक मुबारकपुर शाह आलम गुड्डू जमाली लगातार सामाजिक सेवा में सक्रिय रहते हैं। सोमवार को उन्होंने एक बार फिर मानवीय संवेदना का उदाहरण पेश किया। जहानागंज ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले कारीसाथ गांव में उन्होंने आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या करने वाले किसान घनश्याम यादव के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। लगातार अपने क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में लगे रहने वाले शाह आलम गुड्डू जमाली का यह कदम जनसेवा की मिसाल बन गया है।
विगत दिनों आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे किसान धनश्याम यादव ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। घटना की जानकारी मिलने पर एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली सोमवार को उनके गांव कारीसाथ पहुंचे। उन्होंने मृतक किसान के परिजनों से मुलाकात की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए उनकी पत्नी श्रीमती प्रमिला यादव को 25 हजार रुपये का चेक आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान किया।
इस दौरान एमएलसी ने कहा कि समाजवादी पार्टी सदैव किसानों, गरीबों और वंचितों के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। गुड्डू जमाली ने कहा कि प्रदेश में किसानों की स्थिति चिंताजनक है और सरकार को उनके हित में ठोस कदम उठाने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष शोभनाथ यादव, चन्द्रशेखर यादव गुल्लू, ग्राम प्रधान प्रेम कुमार, श्रीकृष्ण राम शास्त्री सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी एमएलसी द्वारा किए गए इस सहयोग की सराहना की और कहा कि शाह आलम गुड्डू जमाली हमेशा जनता की सेवा में तत्पर रहते हैं।
