आजमगढ़। यातायात माह नवम्बर के तहत सोमवार को जिले में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों का प्रशिक्षण और अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० अनिल कुमार के निर्देशन में यह अभियान लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से संचालित किया गया।
यातायात माह नवम्बर का शुभारम्भ एक नवम्बर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० अनिल कुमार के कुशल निर्देशन में किया गया था। इसी क्रम में सोमवार को जनपद के ट्रैफिक कर्मियों के प्रशिक्षण, आचरण, व्यवहार, संकेत एवं टर्नआउट का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान कर्मियों को शालीन व्यवहार, बेहतर यातायात प्रबंधन तथा जनसहभागिता के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिये गये।
वहीं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी और नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी की उपस्थिति में अग्रसेन चौक से पहाड़पुर चौकी तक सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। इस मौके पर लोगों को सही पार्किंग, यातायात संकेतों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। यातायात माह के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनपद में सुरक्षित, सुगम और अनुशासित यातायात व्यवस्था बनी रहे तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
सीओ नगर शुभम तोदी ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में सड़क सुरक्षा में सहयोग दें। इसके साथ ही सुगम यातायात के लिए सड़कों पर अतिक्रमण न करें।
