रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में शुक्रवार की सुबह बेटे की शादी कर घर लौटे पिता की गांव के पास ट्रेन से कटकर मौत हो गई। दुर्घटना के समय वे शौच के लिए रेलवे लाइन के किनारे गए थे। घटना की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रानी की सराय थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी 55 वर्षीय श्रीराम यादव के पांच बेटे हैं। उनके चौथे नंबर के पुत्र की गुरुवार को शादी थी। सभी लोग बारात गए थे। शादी का कार्यक्रम संपन्न होने पर सभी लोग शुक्रवार की सुबह घर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि सुबह करीब छह बजे श्रीराम शौच के लिए गांव के पास से गुजरी रेलवे लाइन के किनारे गए थे। इस दौरान पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर कोहराम मच गया। परिवार में चीखपुकार मच गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। रानी की सराय थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि श्रीराम का परिवार के लोगों से कुछ विवाद हुआ था। घटना का कारण स्पष्ट नहीं है।