
आजमगढ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के भीरा गोदाम के पास शनिवार शाम करीब पांच बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जौनपुर से शादी समारोह में सजाने वाला सामान लेकर आ रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक का शव गाड़ी में फंस गया था जिसे दरवाजा तोड़कर बाहर निकालना पड़ा। वहीं, घायल को उपचार के लिए जौनपुर सदर अस्पताल ले जाया गया।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के सराय मोहन निवासी दीपक सरोज (25) ने बताया कि वह आवक निवासी अपने साथी प्रमोद सरोज (35) व मेंहनगर थाना क्षेत्र के सपनहर गांव निवासी वाहन चालक अभय उर्फ सोनू (30) के साथ शादी समारोह में सजाने के लिए फूल व अन्य सामग्री लेने के लिए स्कॉर्पियो से शनिवार को जौनपुर गए थे। उधर से वह वापस लौट रहे थे। वह जैसे ही भीरा गोदाम के पास पहुंचे वैसे ही मार्ग पर अचानक एक गड्ढा आ गया।

गड्ढे से बचने के लिए चालक अभय ने वाहन मोड़ने का प्रयास किया लेकिन गाड़ी असंतुलित हो गई। स्कॉर्पियो पहले डिवाइडर से टकराई, फिर एक मकान से भिड़ी और अंत में खंभे से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। इस दुर्घटना में सपनहर निवासी चालक अभय उर्फ सोनू (30) और आवक निवासी प्रमोद सरोज (35) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सराय मोहन निवासी दीपक सरोज गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जौनपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। बरदह थाना प्रभारी राजेंद्र पटेल ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल का उपचार जौनपुर सदर अस्पताल में चल रहा है।
