आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर वर्षों तक यौन शोषण करने और बाद में ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता ने बताया कि उसका आरोपी युवक के साथ करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। इस दौरान आरोपी ने उससे शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इसी बीच उसने गुप्त रूप से महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। महिला के अनुसार, जब भी वह शादी की बात करती, आरोपी टालमटोल करता रहा। इसी दौरान परिजनों ने उसकी शादी दूसरे व्यक्ति से कर दी। शादी की जानकारी मिलते ही आरोपी ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और 10 लाख रुपये की डिमांड करने लगा। आरोप है कि महिला द्वारा रकम न देने पर आरोपी ने महिला के अश्लील फोटो और वीडियो उसके पति को भेज दिए, जिससे उसका वैवाहिक जीवन टूट गया और पति ने भी उसे छोड़ दिया।पीड़िता ने पूरे मामले को लेकर थाना रानी की सराय में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।