रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के थाना जहानागंज पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में  पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।

घटना बीते  14 अगस्त की है, जब ग्राम पकड़ी कला थाना तरवां निवासी सुखदेव राम ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान समेत आरोपियों ने उनकी पोती प्रीति पुत्री गंगा प्रसाद  के साथ मारपीट व गाली-गलौज की। उस पर दहेज के नाम पर पाँच लाख रुपये और मोटरसाइकिल लाने का दबाव बनाया गया। मांग पूरी न होने पर प्रीति को प्रताड़ित किया गया और आखिरकार उसे मगही नदी में धकेल दिया गया। घटना के बाद युवती डूब गई और शव बरामद नहीं हो सका।

इस गंभीर प्रकरण पर थाना जहानागंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। नामजद अभियुक्तों में श्याम दुलारी, खदेरु राम, पंकज कुमार, सुनिता, सूरज कुमार तथा प्रमोद यादव शामिल थे। प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी सदर को सौंप दी गई थी।

इसी क्रम में शुक्रवार को उपनिरीक्षक अजय निषाद अपनी टीम के साथ बदहलगंज पुलिया पर चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान वांछित अभियुक्त खदेरु उर्फ खचेरु पुत्र स्व. सुखदेव और उसका बेटा सूरज पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस विधिक कार्रवाई करते हुए चालान न्यायालय भेज दिया।