

अलीगढ़। जिले में एक युवक की सहरी से पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि बदला लेने के इरादे से हत्या की गई है। तड़के युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी गईं। गोलियों की आवाज से इलाका दहल गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को घटना की जानकारी हुई तो मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना रोरावर क्षेत्र के तेलीपाड़ा गली नंबर नौ के पास आज सुबह हुई। मृतक का नाम तेलीपाड़ा निवासी हारिस है। इसकी उम्र 22 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक ने एक माह पहले सिविल लाइन क्षेत्र में एक व्यक्ति को गोली मारी थी। सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। उसी व्यक्ति ने बदला लेने के लिए साथियों संग मिलकर हत्या की है। मामले में जांच जा रही है।
बताया जा रहा है तड़के युवक रोजा की सहरी करने के लिए उठा था। घटना के समय वह घर के पास ही था। इससे पहले युवक कुछ समझ पाता आरोपियों ने मिलकर उसपर गोलियां फायर कर दीं। उसे पांच छह गोलियां मारी गईं। गोलियां उसकी पेट और पीठ पर लगीं। युवक की मौत मौके पर ही हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर आस-पास के लोग भी पहुंचे लेकिन तब तक युवक दम तोड़ चुका था। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द आरोपियों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।