
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिला अस्पताल से मानवता और सरकारी सेवा के दायित्व पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में अस्पताल के मुख्य दवा वितरण कक्ष के भीतर ड्यूटी के दौरान जन्मदिन की पार्टी मनाई जाती दिखाई दे रही है। आरोप है कि इस दौरान दवा लेने पहुंचे सैकड़ों मरीज और उनके तीमारदार घंटों तक पर्चा हाथ में लिए खिड़की के बाहर लाइन में खड़े रहे, जबकि अंदर स्वास्थ्य कर्मी केक काटने और फोटो खिंचवाने में व्यस्त थे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दवा कक्ष प्रभारी अनिल चौधरी का जन्मदिन था। सुबह से ही दवा कक्ष में पार्टी की तैयारियां शुरू हो गई थीं। दोपहर करीब 12 बजे दवा वितरण का काम प्रभावित हो गया और दवा कक्ष के भीतर केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान दवाओं के स्टॉक रूम को गुब्बारों और रिबन से सजाया गया था, जबकि बाहर मरीज गर्मी और उमस में अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूर-दराज के गांवों से आए बुजुर्ग, महिलाएं और गोद में बीमार बच्चों को लेकर पहुंचे परिजन काफी देर तक लाइन में खड़े रहे, लेकिन दवा वितरण की गति बेहद धीमी रही। आरोप है कि ड्यूटी के समय सरकारी परिसर में पार्टी आयोजित कर अस्पताल के नियमों और अनुशासन की खुलकर अनदेखी की गई।
मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि घटना के दौरान जिम्मेदार अधिकारी स्थिति पर ध्यान देने के बजाय अपने कक्ष में मौजूद रहे और मरीजों की परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया गया।
इस पूरे मामले में एसआईसी डॉ. सतीश चंद्र कन्नौजिया ने कहा कि दवा कक्ष में ड्यूटी के दौरान पार्टी मनाना उचित नहीं है। यदि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो पूरे मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच के बाद जिम्मेदार कर्मचारियों पर वास्तव में कार्रवाई होती है या मामला केवल जांच तक ही सीमित रह जाता है।
