
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव के पास बुधवार की दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब नहर किनारे झाड़ियों में एक नवजात शिशु का शव पड़ा मिला। शव को कुत्ते नोच रहे थे, जिससे आसपास दुर्गंध फैलने पर ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने मामले की सूचना ग्राम प्रधान और चौकीदार को दी। चौकीदार विरेंद्र मौर्य ने थाने पहुंचकर लिखित सूचना दी, जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लग गई। वहीं इस पूरे मामले में थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया नवजात शिशु करीब एक महीने का प्रतीत हो रहा है। शव झाड़ियों में फेंका गया था, जिसे कुत्ते बाहर खींच लाए थे। पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक डायपर मिला, जिसके अंदर सिरिंज समेत अन्य सामग्री बरामद हुई है। फॉरेंसिक टीम ने सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात की मौत हत्या के कारण हुई या किसी अन्य परिस्थिति में शव को वहां फेंका गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
