आज़मगढ़। विद्युत तकनीकी कर्मचारी एकता संघ जिला कमेटी आज़मगढ़ की मासिक बैठक शनिवार को सिधारी हाइडल स्थित संगठन भवन में आयोजित की गई। बैठक में विद्युत सेवाओं को और बेहतर बनाने, सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने तथा तकनीशियन कार्मिकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जानकारी के अनुसार, बैठक के दौरान तकनीशियन कार्मिकों ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विद्युत राहत योजना को जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुँचाने और उपभोक्ताओं को बेहतर एवं गुणवत्ता पूर्ण विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श किया।


इस दौरान कर्मचारियों ने स्थानीय समस्याओं को उठाते हुए प्रबंधन द्वारा अवकाश एवं त्यौहार के दिनों में लगातार कार्य कराए जाने पर नाराज़गी भी जाहिर की। कर्मचारियों का कहना था कि बिना समुचित अवकाश के लगातार ड्यूटी से कार्यक्षमता और पारिवारिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

बैठक के उपरांत खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कर्मचारी नेता प्रभु नारायण पांडेय ‘प्रेमी’ उपस्थित रहे। सभा की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने की, जबकि संचालन चंद्रजीत यादव द्वारा किया गया।

इस अवसर पर वेद प्रकाश, प्रवेश कुमार, अनिल, रामऊजागीर पाल, राजकुमार विश्वकर्मा, सर्वेश पाल, चंद्रशेखर यादव, चंद्रभान प्रजापति, जावेद, आलोक सिंह, भूपेंद्र सिंह, रवि सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।