रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के बरदह थान क्षेत्र के लसड़ा खुर्द गांव में सोमवार को एक घर की छत पर कथित पाकिस्तानी झंडा लगे होने का वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो देखने के बाद ग्रामीणों और सोशल मीडिया पर लोग परेशान हो गए और पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने पर बरदह थाना की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में यह सामने आया कि घर पर लगाया गया झंडा किसी राजनीतिक या देश विरोधी प्रतीक का नहीं, बल्कि धार्मिक उद्देश्य से मदरसा से मिला झंडा था। बरदह थाना क्षेत्र के लसड़ा खुर्द गांव निवासी 18 वर्षीय मोहम्मद अंसारी, जो बक्सपुर स्थित मदरसा का छात्र है, ने इसे अपने घर की छत पर लगाया था।

मोहम्मद अंसारी के पिता महमूद अंसारी रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। मोहम्मद पढ़ाई के लिए मदरसा गया था। घर में महिलाएं मौजूद थीं, जिन्होंने बताया कि यह धार्मिक झंडा है और मदरसा से ही मिला है।

बरदह थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि जांच में  झंडा धार्मिक पाया गया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि बिना पुष्टि किए वीडियो वायरल न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।