रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया, आज़मगढ़। सूर्य उपासना का महापर्व छठ नजदीक आते ही क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर हैं। स्थानीय पूरब पोखरा व पश्चिम पोखरा को छठ पूजा के लिए मुख्य स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है। इन घाटों पर महिलाओं ने अपनी-अपनी बेदी बनाकर आरक्षित करनी शुरू कर दी है, ताकि व्रत के दिन पूजा में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर प्रशासन भी घाटों की सफाई, समतलीकरण और रोशनी की व्यवस्था में जुट गया है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत ‘नहाय-खाय’ से होती है। इसके बाद खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के साथ यह महापर्व संपन्न होता है। छठ व्रत को लेकर महिलाओं और श्रद्धालुओं में असीम उत्साह देखा जा रहा है।
इधर, पर्व की मांग बढ़ने से फलों और सब्जियों के दामों में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है।लौकी, केला, नारियल, सेब, नींबू और अदरक जैसे पूजा सामग्रियों के दाम सामान्य दिनों की तुलना में दोगुने तक पहुंच गए हैं।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि छठ पर्व को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।